बिजली कटौती को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी भाजपा




लखीमपुर-खीरी। जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती के चलते आम जनता को हो रही परेशानियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ व्यापारी नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि केंद्र सरकार जनता की सहूलियत को लेकर प्रदेश सरकार को पूरी तरह मदद दे रही है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति कराने में नाकाम नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार का बदला बिजली की अघोषित कटौती कर जनता को परेशान सपा सरकार ले रही है।

जिले भर में भी यह बदहाली जारी है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिल पाने से जनता बेहाल है। उद्योग धंधों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। आपूर्ति के समय लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर फुंकना व तार टूटने जैसी घटनाएं भी आम हो चली हैं। जनता को हो रही इन कठिनाइयों को भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के खिलाफ भाजपा विधान सभा स्तर पर प्रदर्शन करेगी।

इसमें विधान सभा प्रभारियों, मंडल प्रभारियों व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों व स्वयं सेवी संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन की शुरुआत जिला मुख्यालय से होगी। इसके बाद बाद अन्य विधान सभाओं में धरना आयोजित होगा। जल्द ही बैठक कर धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया जाएगा।



Post a Comment

أحدث أقدم