सड़क हादसे मे एक कांग्रेसी नेता की मौत





लखीमपुर-खीरी। जिले के थाना पलियाकलां क्षेत्र के अंतर्गत अपने परिजनों संग घर लौट रहे कांग्रेस नेता का मैलानी-भीरा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में निधन हो गया। उनकी मारुती कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा भिड़ी।

 हादसे के तुरंत बाद पहुंची भीरा पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतक विमलेश सिंह कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष थे। वे अपने परिवार के साथ संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बसही में रहते थे। बताया जाता है कि वे अपनी कार से अपनी रिश्तेदारी में गये हुए थे। गुरूवार को विमलेश अपनी कार संख्या यूपी 60 आर 8650 से वापस घर लौट रहे थे। कार वे स्वयं ही चला रहे थे और पीछे उनकी पुत्रियां व पत्नी बैठी थीं। अभी वे मैलानी-भीरा के बीच मे पहुंचे थे कि अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई।

 उन्होंने गाड़ी को संभालने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक विशालकाय पेड़ में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय यादव दलबल के साथ मौके पर जा पहुंचे। जिसके बाद घायलों को वाहन से निकाला जा सका।

सभी को एम्बुलेंस की मदद से भीरा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने विमलेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी पुत्री प्रिया (26), प्रियंका, पत्नी ऊषा (53) व माधुरी (26) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कांग्रेसियो मे दौड़ी शोक की लहर (बीच मे)
सड़क हादसे में कांग्रेस नेता विमलेश सिंह के निधन की खबर जैसे ही पलिया पहुंची कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। कांग्रेस नेता बलराम गुप्ता के प्रतिष्ठान पर शोक सभा का आयोजन किया गया। श्री गुप्ता ने कहा कि विमलेश सिंह सरल स्वभाव के हसमुख इंसान थे, वे पार्टी के सक्रिय सदस्य थे।

 उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। उनकी जगह को भरना मुश्किल होगा। सभी ने दो मिनट का मौन रख ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। शोक सभा में अजय दरोगा, दिनेश दीक्षित, मेराज आलम, जावेद अख्तर, राम लखन सिंह, अशर्फीलाल आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post