भाजपा की सफलता से सपा चिन्तित: शशांक यादव





लखीमपुर-खीरी। समाजवादी पार्टी का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन शहर के एक गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया।

 जिसमें जिलाध्यक्ष शशांक यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में समाजवादी पार्टी की सीमित सफलता और साम्प्रदायिक सोच को लगातार ताकत देने वाली भारतीय जनता पार्टी की सफलता से पार्टी चिंतित है लेकिन निराश नहीं है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस व बसपा से भी अधिक 22.26 प्रतिशत मत प्राप्त किये है। श्री यादव ने कहा कि धर्म निरपेक्षता और विकास की राजनीति के लिये सपा हमेशा प्रतिबद्ध रही है। साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष का हमारा लम्बा इतिहास है।

इन चुनावों में जनता के बीच कांग्रेस की यूपीए सरकार नीतियों, महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ जनाक्रोश था। भाजपा ने पानी की तरह करोड़ रूपये बहाकर मीडिया टीवी को माध्यम बनाकर जनता को भ्रमित करने में सफलता पाई है। हमने उत्तर प्रदेश में गत दो वर्षों में विकास का एजेन्डा लागू किया। जिसका घर-घर लाभ पहुंचा लेकिन जनता के बीच उसे पहुंचाने में कसर रह गई है। उन्होने कहा कि वर्तमान चुनावों में मात्र 30 प्रतिशत मत पाकर भाजपा की केन्द्र में सरकार है। 70 प्रतिशत हिन्दुस्तानी भाजपा के खिलाफ है। हमें इस गैर कांग्रेसी गैर भाजपाई आवाम को एकजुट करना है।

सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को आभास हो रहा है कि भाजपा राजनैतिक अस्थिरता पैदा करने के लिये विद्युत आपूर्ति का मुद्दा उठाकर जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है। यदि केन्द्र से बिजली का निर्धारित कोटा तथा कोयला की आपूर्ति करा दी जाए तो प्रदेश में विद्युत समस्या समाप्त हो जाएगी।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का सपा कार्यकर्ता सम्मेलन जिलाधिकारी के माध्यम से केन्द्र सरकार से मांग करता है कि उत्तर प्रदेश के लिये विद्युत का कोटा केन्द्र से निर्धारित है उसके अनुसार आपूर्ति कराई जाए और कोयले की आपूर्ति भी पर्याप्त मात्रा में की जाए। सम्मेलन सपा विधायक, पूर्व विधायक, समेत अन्य पदाधिकारियो ने भी सम्बोधित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post