लखीमपुर-खीरी। बिजली कटौती, बकाया गन्ना भुगतान व बदहाल कानून व्यवस्था के
विरोध में भाजपाइयों ने जिलाध्यक्ष विनोद मिश्र के नेतृत्व में गरुवार को सांकेतिक
प्रदर्शन किया। व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पार्टी ने जिला प्रशासन से चार
सूत्रीय ज्ञापन राज्यपाल को भेजा।
प्रदर्शन से पूर्व पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए
जिलाध्यक्ष विनोद मिश्र ने कहा कि जिले की जनता बिजली कटौती व लो वोल्टेज से
परेशान है। प्रदेश सरकार ने तत्काल सुधार न किया तो भाजपा उग्र प्रदर्शन करेगी।
वहीं उन्होंने किसानों को बकाया गन्ना भुगतान कराने की भी मांग की। कानून व्यवस्था
पर रोष जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का अपराधों पर नियंत्रण नहीं रह गया। अब
पुलिस कर्मी व उनके अधिकारी ही अपराधियों को शरण देते नजर आ रहे हैं। ऐसे में
प्रदेशवासी दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष डा. ईरा श्रीवास्तव ने कहा कि बिजली कटौती से जनजीवन
परेशान है। इस पर तुरंत रोंक लगाते हुए मुख्यालय को 24 घंटे की आपूर्ति सुनिश्चित
की जाए। इसके अलावा अनूप शुक्ला, उमेश मिश्र, जगदीश शाक्य, लाल बहादुर भार्गव व
महामंत्री आशू मिश्र ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ता
प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल को
सम्बोधित एक चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सदर पीके सिंह को सौंपा।
إرسال تعليق